दैनिक समाज जागरण, संवाददाता
चांडिल : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने किया। इस दौरान चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता , कपाली नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्ण, एसडीपीओ, चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च कपाली टीओपी चौक से शुरू होकर डांगरडीह, अलबेला गार्डन, ताजनगर, इस्लामनगर, मिल्लतनगर, डेमडुबबी, तमोलिया सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मोहर्रम कमेटियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव भी लिए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान जुलूस मार्गों, इमामबाड़ों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
एसडीओ ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं नगर परिषद प्रशासक गोपी कृष्ण ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



