google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

जनता दरबार में भूमि विवाद के सात नए मामले पहुंचे, दो पुराने मामलों का हुआ निष्पादन

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवादों के निपटारे को लेकर जनता दरबार आयोजित किया गया। अंचल अधिकारी राहुल कुमार की अध्यक्षता एवं थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की मौजूदगी में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। इस दौरान भूमि विवाद के सात नए मामले सामने आए, जबकि दो पुराने मामलों का निष्पादन किया गया।


जनता दरबार में ढेकसरा मौजा से जुड़ा जमीन विवाद विशेष रूप से सामने आया। मामले में एक ही जमीन की जमाबंदी एवं दस्तावेज दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर होने की बात कही गई। अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने दोनों पक्षों की बातें सुनने के साथ उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच की। प्रारंभिक स्तर पर जमीन पर पूर्व से कायम दखल-कब्जे को बरकरार रखने की बात कही गई। साथ ही दूसरे पक्ष को जमीन पर जाने अथवा किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न करने से मना किया गया। अंचल अधिकारी ने दोनों पक्षों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह का तनाव उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी।


जनता दरबार में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी कई फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरतापूर्वक सुनी और संबंधित मामलों को समझने के बाद दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया। उन्होंने उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर विवादों के समाधान की पहल की। उनकी कार्यशैली और फरियादियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने की पहल से लोगों को काफी सहूलियत मिली। साथ ही उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।


गौरतलब है कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार भूमि विवादों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अंचल एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में ऐसे मामलों की सुनवाई से न केवल विवादों के समाधान का रास्ता खुलता है, बल्कि समय रहते संभावित तनाव और विधि-व्यवस्था की समस्या को भी रोकने में मदद मिलती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)