महिला ढाकियों की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र, दुर्गा पूजा समिति करेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
दैनिक समाज जागरण संवाददाता विकास कुमार
पाकुड़ : शारदीय नवरात्र की शुरुआत सोमवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई। इस अवसर पर हिरणपुर स्थित डाक बंगला परिसर से सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता रानी के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। कलश यात्रा की विशेषता रही पश्चिम बंगाल से आई महिला ढाकियों की प्रस्तुति। उनकी लयबद्ध ढाक वादन और आकर्षक कलाकारी ने पूरे वातावरण को ऊर्जा से भर दिया और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महिला ढाकियों का प्रदर्शन श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत अनुभव साबित हुआ। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि समिति की ओर से इस वर्ष नवरात्र पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है। इसमें बच्चों द्वारा लोकल डांस, बांग्ला बाउल गीत, डांडिया नृत्य सहित पारंपरिक व आधुनिक कला का संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने आगे बताया कि 4 अक्टूबर को भोजपुरी सुपरस्टार गायिका निधि कक्कड़ का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति की तैयारी है कि इस कार्यक्रम में आस-पास के जिले से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हों। गौरतलब है कि हिरणपुर में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा का आयोजन हर वर्ष बड़े धूमधाम से किया जाता है। इस बार कलश यात्रा में महिला ढाकियों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार का आयोजन पूर्व की तुलना में और अधिक भव्य व आकर्षक होगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



