संयुक्त परिवार का अनाज, गृहस्थी का सामान और जरूरी सामग्री राख; प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग*
समाज जागरण जिला संवाददाता उदय सिंह लोधी
रनेह/दमोह। ग्राम रनेह के वार्ड क्रमांक-1 में शुक्रवार रात को बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक गरीब संयुक्त परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी पलभर में राख कर दी। आग की इस घटना में झल्लू सिंह लोधी के पैतृक मकान,में रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज तथा अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हो गया है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-1 स्थित लोधी परिवार के घर में अचानक बिजली की डोरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के सदस्य सामान सुरक्षित नहीं निकाल सके और घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
*ग्रामीणों और पुलिस आरक्षक की तत्परता से टला बड़ा हादसा*
घटना की सूचना मिलते ही गृहस्वामी झल्लू सिंह लोधी ने आसपास के लोगों और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस विभाग के आरक्षक श्री राम प्रजापति तत्काल मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों, वार्डवासियों, मित्रों तथा आरक्षक श्री राम प्रजापति ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो वार्ड के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे और नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।
*सालभर का अनाज और गृहस्थी का सामान हुआ नष्ट*
पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखा सालभर के उपयोग का अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामग्री आग में पूरी तरह नष्ट हो गई। संयुक्त परिवार होने के कारण नुकसान का दायरा काफी बड़ा है। आग के बाद परिवार के सामने रहने और भोजन जैसी मूलभूत जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
*प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग*
घटना के बाद ग्रामीणों, वार्डवासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे करे तथा परिवार को शीघ्र राहत राशि, उचित मुआवजा और अस्थायी आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति और संयुक्त परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए विशेष सहायता प्रदान की जाए, ताकि पीड़ित परिवार इस संकट से उबर सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



