google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

108.750 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की टीम ने देवी चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 108.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।


उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक भोले शंकर कुमार के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान देवी चौक पर आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखी गई कुल 108.750 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद कार में सवार ओम प्रकाश गुप्ता को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब और कार को जब्त कर उत्पाद विभाग के कब्जे में ले लिया गया।


गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सदर अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच के उपरांत आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)