कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
अनिल कुमार अग्रहरि/ समाज जागरण
ओबरा/ सोनभद्र। स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित 23वें सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। आगरा और बलिया के बीच खेले गए इस मैच में अंत तक सस्पेंस बना रहा, जहाँ अंततः आगरा ने 3 रनों की करीबी जीत दर्ज कर बलिया को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ (CISF) ओबरा यूनिट के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह रहे। उन्होंने मैदान पर पहुँचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे दिव्य आयोजन ग्रामीण और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारने का काम करते हैं।
उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए अपने आशीर्वाद और सहयोग का आश्वासन दिया। टॉस जीतकर आगरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि, बलिया के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से आगरा को बांधे रखा। पूरी टीम 24.4 ओवर में 131 रनों पर सिमट गई। शुभम गुप्ता ने 36 गेंदों पर 30 रनों की सधी हुई पारी खेली। हिमांशु सिंह ने 25 गेंदों पर 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बृजेश बिंद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में मात्र 16 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि नवनीत वर्मा ने 3 विकेट लिए।
132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम जीत के बेहद करीब पहुँच गई थी, लेकिन पूरी टीम 128 रनों पर ढेर हो गई। आदित्य सिंह ने 55 गेंदों पर 42 रनों की जुझारू पारी खेली। प्रशांत तिवारी ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर उम्मीदें जगाई थीं। देवरत झा ने 4.5 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए और मृत्युंजय ने 5 ओवर में केवल 11 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए। आगरा के मृत्युंजय को उनके शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार अरुण प्रजापति और नाइन स्टार ओबरा के सीनियर खिलाड़ियों द्वारा प्रदान किया गया।



