google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनभद्र की हाइडिल कॉलोनी में घुसा पांच फीट लंबा मगरमच्छ, युवाओं ने किया रेस्क्यू

चोपन में गुरुवार रात घर के आंगन में मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने मेडिकल परीक्षण के बाद कोटा स्थित बांध में छोड़ा

समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे

चोपन (सोनभद्र)। सोन नदी के तट पर स्थित हाइडिल कॉलोनी वार्ड-3 में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के आंगन में करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोग सहम गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम पहुंची। बाद में कॉलोनी के कुछ युवाओं ने मगरमच्छ को रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना चोपन क्षेत्र की हाइडिल कॉलोनी वार्ड-3 में गुरुवार रात करीब 10 बजे अजय गौड़ के घर के आंगन में मगरमच्छ दिखाई दिया। रिहायशी इलाके में मगरमच्छ मिलने की खबर फैलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल वन विभाग के डाला रेंज को इसकी सूचना दी।

संसाधनों के अभाव में देर तक नहीं हो सका रेस्क्यू

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। बताया गया कि मगरमच्छ को पकड़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम को उसे पकड़ने में परेशानी हुई। इसी दौरान कॉलोनी के कुछ युवाओं ने आगे आकर मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया।

मेडिकल परीक्षण के बाद बांध में छोड़ा गया मगरमच्छ

वन विभाग के कर्मचारियों ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। कर्मचारियों के अनुसार, सोन नदी कॉलोनी के समीप होने के कारण मगरमच्छ के भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने की आशंका है। मेडिकल परीक्षण के बाद मगरमच्छ को विकासखंड चोपन की ग्राम पंचायत कोटा स्थित बांध में छोड़ दिया गया। बताया गया कि इस बांध में पहले से भी कई मगरमच्छ मौजूद हैं।

मगरमच्छ के रेस्क्यू किए जाने और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। घटना ने रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों के पहुंचने और ऐसी परिस्थितियों में वन विभाग की त्वरित कार्रवाई तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के महत्व को भी सामने रखा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)