डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, वक्ताओं ने लौह पुरुष के योगदान और आदर्शों को किया याद
समाज जागरण/ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के तत्वावधान में शनिवार को डीबीए सभागार में देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।
सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर मजबूत की अखंड भारत की नींव
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महामंत्री एवं पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) रामजियावान सिंह यादव ने की। वक्ताओं ने सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ और दृढ़ संकल्प से देश की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अखंड भारत की नींव को मजबूत किया।
सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रासंगिक : जगजीवन सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन देशहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय एकता बनाए रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि : पवन कुमार सिंह
पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। वर्तमान समय में उनके आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। यही लौह पुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अधिवक्ताओं ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया। अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार मौर्य, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, राजेश कुमार यादव, पंकज यादव, राजकुमार सिंह, सुरेश सिंह, रियाज खान, संतोष यादव, कामता प्रसाद यादव, संगीता, सुमन एडवोकेट, अनूप शुक्ला, आकृति निर्भया, बीपी सिंह, चतुर्भुज शर्मा, सुदेश कुमार, हरिद्वार और रामगुल्ली यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



