शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की। उन्होंने 14 सितंबर को डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। यह एफआईआर 12 सितंबर को एक आपत्तिजनक पोस्ट के बाद हुए प्रदर्शन के संबंध में दर्ज की गई थी।
ज्ञापन में बताया गया कि 12 सितंबर को एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद साहब और धार्मिक ग्रंथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद दोनों समुदायों ने इसकी निंदा की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिससे शहर में माहौल बिगड़ने से बच गया।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सदर बाजार में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी शांत होकर अपने घर चले गए थे। हालांकि, 14 सितंबर को पुलिस प्रशासन ने कथित तौर पर किसी दबाव में आकर 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली।
सपा का आरोप है कि पुलिस अब वीडियो के आधार पर मुस्लिम बहुल इलाकों में जाकर गिरफ्तारी का दबाव बना रही है। कुछ मोहल्लों में लोगों को फोन करके थाने और पुलिस चौकी पर बुलाया जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि दर्ज की गई प्राथमिकी को तत्काल निरस्त किया जाए और शहर में अमन-शांति का माहौल बहाल किया जाए। एसपी ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



