लखीमपुर-खीरी
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता परखने के लिए विकास खंड नकहा के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, छात्रों के शैक्षणिक स्तर, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, छात्र-छात्राओं व शिक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
डीएम ने कक्षाओं में जाकर शिक्षकों से सीधे संवाद किया और बच्चों से प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी परिषदीय विद्यालयों में निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड डे मील की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को केवल शुद्ध, पौष्टिक एवं मानक के अनुरूप भोजन ही उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



