समाज जागरण पटना जिला संवाददाता : वेद प्रकाश
पटना। दानापुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में 30 वर्षीय युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मुन्ना राय के पुत्र अनुरोध कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर दो गोलियां लगने के निशान पाए गए हैं। एक गोली छाती में जबकि दूसरी सिर में लगी थी। परिजन घायल अवस्था में युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह एवं दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। देर शाम एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल तक पहुंची। आरोप है कि परिजनों ने घटना को हादसा बताकर मामले को दबाने तथा साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए हैं।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि परिवार में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल को मृतक के भाई की शादी के दौरान विवाद हुआ था, जिसमें छोटे भाई द्वारा अपनी साली की मांग भरने की घटना चर्चा का विषय बनी थी। इसके अलावा कथित अवैध संबंधों को लेकर भी विवाद की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं के साथ छोटे भाई की भूमिका की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



