स्वामी विवेकानंद छात्रावास में राष्ट्रीय युवा सप्ताह एवं स्वामी विवेकानंद जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का किया गया आयोजन
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। “उठो, जागो और तब तक न रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न कर लो।” स्वामी विवेकानंद जी के इन प्रेरणादायी विचारों को आत्मसात करते हुए स्थानीय डोभी तालाब चौक स्थित स्वामी विवेकानंद छात्रावास में राष्ट्रीय युवा सप्ताह एवं स्वामी विवेकानंद जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रवीन गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रवीन गर्ग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए सच्चे अर्थों में प्रेरणास्रोत हैं। उनका संपूर्ण जीवन युवाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र सेवा की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं को नकारात्मकता से दूर रखते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मबल से परिपूर्ण बनाते हैं। स्वामी जी व्यक्ति को अनंत शक्ति का स्रोत मानते थे और उनका मानना था कि मनुष्य जैसा सोचता है, वैसा ही बन जाता है। इसलिए हमें सदैव सकारात्मक और रचनात्मक विचारों को अपनाना चाहिए।
गर्ग ने स्वामी विवेकानंद के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “हम वही हैं, जो हमारे विचारों ने हमें बनाया है”, इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि हम अपने विचारों की दिशा सही रखें। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी विवेकानंद दूसरों के लिए जीने को ही सच्चा जीवन मानते थे। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए स्वामी विवेकानंद छात्रावास का संचालन किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
प्रवीन गर्ग ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता उसके उद्देश्य और सेवा भाव पर निर्भर करती है। संस्थान जितना बड़ा होगा, उसकी उपलब्धियां उतनी ही शानदार होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद का यह संदेश भी याद दिलाया कि कोई भी व्यक्ति हमें पढ़ा या आध्यात्मिक नहीं बना सकता, यह कार्य हमें स्वयं अपने भीतर से करना होता है। आत्मा से बड़ा कोई शिक्षक नहीं है, इसलिए स्वयं पर विश्वास रखना और अपनी क्षमताओं को पहचानना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद छात्रावास समिति के महासचिव विजय टुटेजा, कोषाध्यक्ष नवीन, दिनेश कुमार सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



