थाना समाधान दिवस: जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सोनभद्र पुलिस की प्रभावी पहल

समाज जागरण/ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण तथा पुलिस-जन संवाद को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज दिनांक 13.12.2025 को जनपद सोनभद्र के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी द्वारा थाना करमा पर पहुँचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का विधिक परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही, निष्पक्ष विवेचना एवं समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना चोपन पर उपस्थित रहकर जनता की समस्याएँ सुनी गईं। भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, उत्पीड़न, राजस्व एवं अन्य स्थानीय विवादों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार के थानों पर समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएँ सुनी गईं तथा शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षकों द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का विधिक, निष्पक्ष एवं संवेदनशील दृष्टिकोण से निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें और पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।

जनपद सोनभद्र पुलिस द्वारा थाना समाधान दिवस के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विवादों का शांतिपूर्ण समाधान, कानून-व्यवस्था की मजबूती तथा जनता के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)