बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का लिया गया सामूहिक संकल्प
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के तहत किशनगंज जिले के ग्राम पंचायत टेउसा अंतर्गत थौआपाड़ा में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का भव्य उद्घाटन समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर झंडा तोलन के उपरांत आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत सरकार भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन अब पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उद्घाटन समारोह टेउसा पंचायत की मुखिया साजेदा खातून की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद तथा सदर विधायक कमरुल होदा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद मैनुद्दीन, सरपंच मुदस्सिर आलम, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद सुफियान एवं मोहम्मद असलम, वार्ड सदस्य चंन्दर पासवान, मनोज कुमार सिंह सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद एवं विधायक ने पंचायत सरकार भवन को ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ही विभिन्न आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को समय, श्रम और धन की बचत होगी तथा प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी भी कम होगी। इससे सुशासन को मजबूती मिलेगी और योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम के दौरान एक सराहनीय सामाजिक पहल के तहत बाल विवाह रोकथाम को लेकर सामूहिक शपथ दिलाई गई। मुखिया साजेदा खातून ने कहा कि समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि बेटियों की शादी 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही की जाएगी तथा पंचायत स्तर पर लोगों को इसके प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा।
मुखिया ने जानकारी दी कि पंचायत सरकार भवन के क्रियाशील होने से अब ग्रामीणों को विभिन्न कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। यहां मजदूरों का पंजीकरण, भूमि से संबंधित दस्तावेजों का निष्पादन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने सहित अन्य आवश्यक सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त कन्या विवाह योजना, कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी पंचायत सरकार भवन के माध्यम से ग्रामीणों को प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने पंचायतवासियों को नए पंचायत सरकार भवन की शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि यह भवन टेउसा पंचायत को विकास के पथ पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा। ग्रामीणों ने भी पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।



