खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व बड़े खाने का हुआ आयोजन
कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 70वीं वाहिनी, लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर वाहिनी परिसर में गोला फेंक, भाला फेंक, थाली फेंक, डिस्क थ्रो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा आपसी समन्वय एवं टीम भावना को बढ़ावा देना रहा।
इसके उपरांत वाहिनी परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसबी के जवानों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में समस्त बलकर्मियों की सक्रिय सहभागिता से वातावरण देशभक्ति एवं उल्लास से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बड़े खाने (सामूहिक भोज) का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की। इस आयोजन से वाहिनी में आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
इस अवसर पर मुकेश कुमार गौतम (द्वितीय कमान अधिकारी), विश्वनाथ मिश्रा (उप कमांडेंट), आयुष मिश्रा (सहायक कमांडेंट), समीर राणा (सहायक कमांडेंट—संचार) सहित वाहिनी के अन्य अधीनस्थ अधिकारीगण एवं समस्त बलकर्मी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



