समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना के सैदपुर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक का शव नाले में पड़ा मिला। यह घटना प्रोफेसर कॉलोनी, शाहगंज नहर रोड स्थित सरगम कम्युनिटी हॉल के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने नाले में युवक की लाश देखी। शव को देखते ही लोगों में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस मामले में दो तरह की आशंकाएं सामने आई हैं। पहली यह कि युवक की पहले पिटाई की गई और फिर उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। वहीं दूसरी संभावना यह भी जताई जा रही है कि युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह खुद ही नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक नाले के किनारे से गुजर रहा था और अचानक गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने दौड़े लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं युवक के साथ किसी तरह की मारपीट या झगड़ा तो नहीं हुआ था। युवक की पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचित किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



