समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना के जेपी गंगा पथ पर मंगलवार की देर रात सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना उस वक्त हुई जब गोरियाटोली निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार हेल्थ इंश्योरेंस कराने के बाद दीघा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर हालत में रवि को पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक रवि कुमार एक प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत थे और मंगलवार की रात करीब 11 बजे अपने कार्य से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेपी गंगा पथ पर रवि की बाइक अचानक हाइवा के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल रवि को पीएमसीएच भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाइवा चालक दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक अब तक गिरफ्त से बाहर है। गांधी मैदान ट्रैफिक थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार चौहान ने बताया कि हाइवा मालिक की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया है कि हादसे के समय हाइवा की गति काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस का कहना है कि चालक की लापरवाही से यह दुर्घटना हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, रवि कुमार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। रवि के छोटे भाई ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि रवि परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार टूट गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



