28 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा होगा प्रारंभ
नोएडा,25 अक्टूबर 2022
अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां नोएडा शहर में जोरों से चल रही हैं।भगवान सूर्य को अर्घ्य देने हेतु सेक्टर-75 के गोल्फसिटी, प्लाट-8 और पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के बीच स्थित सेंट्रल पार्क में एक बड़ा छठ घाट निर्मित किया जा रहा है,जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।छठघाट 50 फीट लम्बा,20 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा होगा।घाट में जल, प्रकाश आदि की उत्तम व्यवस्था की जा रही है।साथ-ही छठघाट के निकट सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।छठघाट के निकट छठव्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए कृत्रिम कमरे का भी निर्माण किया गया है।समिति के पदाधिकारियों ने छठघाट के निर्माण के लिए एएमजी डेवलपर्स के निदेशक मनोज राय और महाप्रबंधक बसन्त उपाध्याय को धन्यवाद दिया है।
श्री शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना का महान छठ पर्व 28 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के दिन नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है।29 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी के दिन खरना की पूजा होगी।30 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल षष्ठी के सायंकाल अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा।31 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी के प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा।
श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को सायंकाल श्री सूर्यदेव पूजा समिति द्वारा सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जायेगा।प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका क्षमा पांडेय, प्रीति प्रकाश, देवेश कुंदन, प्रीति मंडल सहित कई गायकों और गायिकाओं द्वारा भोजपुरी, हिंदी, मगही, मैथिली, अंगिका, पंजाबी आदि भाषाओं में गीत-संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



