देवलौंद, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से देवलोंद के बाणसागर बांध परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। लगभग 1000 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा में सेंट्रल एकेडमी स्कूल मऊ एवं देवलौंद के विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” तथा “हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा” के नारों से बाणसागर बांध एवं आसपास का क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता कर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर परिषद खांड की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, खांड, बाणसागर बांध परियोजना के कार्यपालन यंत्री श्री एस.के. शर्मा सहित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वरिष्ठ जनों एवं गणमान्य नागरिकों में श्री अवधेश बाजपेयी, श्री के.पी. सिंह, श्री रामबहोर तिवारी, श्री शेषमणि तिवारी एवं श्रीकांत पाण्डेय श्री निपेंद्र सिंह सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा अखिल भारतीय ब्राह्मण सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री संतोष उपाध्याय, श्री विकास तिवारी, श्री अमित तिवारी, श्री नीरज द्विवेदी, श्री प्रानेंद्र उपाध्याय, संगीता माथुर एवं श्री विजय मिश्रा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रवि मिश्रा के संयोजन में हुआ आयोजन
सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन सेंट्रल एकेडमी स्कूल के प्रबंध संचालक श्री रवि मिश्रा के संयोजन में संपन्न हुआ। श्री मिश्रा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों के प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कठपुतली नृत्य ने मिटाई बच्चों की थकान, मनमोहक प्रस्तुति ने जीता दिल
लगभग 1000 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा के समापन के बाद बच्चों के लिए कठपुतली नृत्य की विशेष एवं मनमोहक प्रस्तुति आयोजित की गई। यात्रा के दौरान उत्साहपूर्वक शामिल रहे बच्चों ने कठपुतलियों के आकर्षक नृत्य को देखकर खूब आनंद लिया। रंग-बिरंगी कठपुतलियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बच्चों की थकान को पलभर में दूर कर दिया। बच्चे कठपुतली नृत्य देखकर मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा के बाद यह सांस्कृतिक प्रस्तुति बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही और कार्यक्रम को मनोरंजन एवं उल्लास से भर दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



