महिला उत्पीड़न के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी-प्रतिभा कुशवाहा,
समाज जागरण दैनिक
विश्व नाथ त्रिपाठी
प्रतापगढ़। उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने जिले में महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी के सभागार में जनसुनवाई की एवं अफीम कोठी में लगाये गये विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होने क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी परिसर में विभिन्न विभागों क्रमशः महिला कल्याण विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी (उद्योग विभाग), समाज कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पूर्ति विभाग द्वारा महिलाओं के समस्याओं के निराकरण व योजनाओं से सम्बन्धित स्टालों पर जाकर सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त की। उन्होने निर्देशित किया कि ज्यादा से ज्यादा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाये। कार्यक्रम के दौरान महिला आयोग की सदस्य द्वारा 03 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 03 बच्चों का अन्नप्रासन कराया गया।
महिला जनसुनवाई कै दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य के समक्ष 21 शिकायते प्राप्त हुई। शिकायकर्ता सविता देवी निवासी कटरा इन्द्रकुंवर ने शिकायत किया कि विपक्षी के प्रभाव के कारण प्रार्थिनी की भूमि पर न तो कब्जा दिया गया तथा मार-पीट कर घायल करने वाले वीरेन्द्र कुमार को चार्जशीट से निकाल दिया गया इस प्रकरण पर महिला आयोग की सदस्य ने सीओ सिटी व अन्य सम्बन्धित को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। शिकायतकर्ता पिंकी सरोज निवासी अष्ट भुजा नगर ने शिकायत किया कि प्रार्थिनी की शादी धर्मेन्द्र उर्फ नान्हू निवासी रतिहरपुर के साथ 22 मई 2014 को हुई थी, प्रार्थिनी का पति दहेज के लिये प्रताड़ित करता है, प्रार्थिनी को मारकर भगा दिया है, प्रार्थिनी परेशान होकर अपने पिता के पास रहने लगी। प्रार्थिनी का पति जान से मारने की धमकी देता है। इस प्रकरण पर महिला आयोग की सदस्य ने सीओ सिटी को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार अन्य शिकायतों को भी महिला आयोग की सदस्य ने गम्भीरतापूर्वक सुना। आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए और कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जरूरतमंद महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो भी महिला उत्पीड़न सम्बन्धी शिकायतें है उसका निस्तारण गम्भीरता पूर्वक अधिकारी करें और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही न बरती जाये। उन्होने यह भी निर्देश दिया है कि शासन की योजनाओं का लाभ महिलाओं को दिया जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महिला आयोग पूरी तरह समर्पित है। उन्होने यह भी कहा कि महिलायें जनसुनवाई के दौरान अपने उत्पीड़न सम्बन्धी कोई भी शिकायत उपस्थित होकर शिकायती प्रार्थना पत्र दे सकती है।
जनसुनवाई के उपरान्त महिला आयोग की सदस्य ने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 05 लाभार्थियों क्रमशः अंशिका यादव, आयुष यादव, पार्थ तिवारी, श्लोक आर्य व अनिरूद्ध मिश्रा को प्रमाण पत्र का वितरण किया। इसके उपरान्त हर घर तिरंगा अभियान के तहत महिला आयोग की सदस्य ने अफीफ कोठी परिसर से महिलाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली और जनपदवासियों से अपने अपने घरों तिरंगा झण्डा फहराने की अपील की। उन्होने अफीम कोठी परिसर शहीद स्मारक स्थल पर माल्यार्पण किया एवं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर नैन्सी सिंह, सीओ सिटी प्रशान्त राज, जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी उदय मिश्रा, बाल संरक्षण अधिकारी अभय शुक्ला, भाजपा के रामजी मिश्रा व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



