बामेती में ‘आम महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार की बागवानी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से पटना स्थित बामेती परिसर में शुक्रवार को तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्यान निदेशालय द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया। 21 जून तक चलने वाले इस आयोजन में राज्यभर के किसान, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी और आम प्रेमी बड़ी संख्या में जुट रहे हैं। समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार अब कृषि के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने फल और फूलों की खेती को किसानों के लिए ‘एटीएम’ करार देते हुए कहा कि यह पूरे वर्ष आय का सबसे सशक्त स्रोत है। मंत्री ने गर्व के साथ बताया कि बिहार का जर्दालू, बम्बईया और दुधिया मालदह आम अब अपनी मिठास से दुबई और अमेरिका के बाजारों को भी महका रहा है। उन्होंने कहा कि एपिडा का कार्यालय खुलने और बिहटा एक्सपोर्ट पैक हाउस को स्वीकृति मिलने के बाद राज्य से निर्यात में तेजी आई है। हाल ही में आम और लीची के कंटेनर दुबई और बांका से अमेरिका भेजे गए हैं। कृषि मंत्री ने किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया।
महोत्सव में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित ‘प्लांटिक्स एप’ का प्रदर्शन किया गया, जिससे किसान अब मोबाइल के माध्यम से फसलों की बीमारियों की सटीक पहचान कर सकेंगे। साथ ही, उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया ताकि मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।विभाग के अनुसार, बिहार में लगभग 1.6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 15.84 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है।
राज्य मखाना, लीची और मशरूम उत्पादन में देश में शीर्ष पर है। महोत्सव के दौरान आम खाओ प्रतियोगिता, कृषि प्रश्नोत्तरी और युवाओं के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। मंत्री ने “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय बिहार” के नारे के साथ बागवानी क्षेत्र में बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



