google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भैंस के बकाया एक लाख रुपये के विवाद में महिला की हत्या

पति को मारने आई गोली पत्नी को लगी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के पंचरुखिया थाना क्षेत्र के खरपड़ी गांव में भैंस खरीद-बिक्री के बकाया भुगतान को लेकर हुए विवाद ने गुरुवार की देर रात खूनी रूप ले लिया। बकाया एक लाख रुपये के विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक महिला की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान खरपड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय रानी देवी के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने जानकारी दी कि करीब एक वर्ष पूर्व संजय पासवान ने वीरू पासवान से ढाई लाख रुपये में एक भैंस खरीदी थी।

इस सौदे के तहत संजय ने डेढ़ लाख रुपये का भुगतान कर दिया था, लेकिन एक लाख रुपये बकाया रह गए थे। इसी राशि की वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले काफी समय से तनातनी चल रही थी, जो गुरुवार की रात हिंसक हो गई। परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब दो बजे वीरू पासवान अपने दो अज्ञात साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर संजय पासवान के घर पहुँचा। बकाया रुपये की मांग को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि वीरू पासवान ने आपा खो दिया। आरोपी ने संजय पासवान को लक्ष्य कर सीधी गोली चला दी।

संयोगवश, संजय झुक गए और गोली उनके कान के पास से निकल गई, लेकिन पीछे खड़ी उनकी पत्नी रानी देवी के सीने में जा लगी। गोली लगते ही रानी देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी लेनदेन के विवाद में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना के बाद आरोपी वीरू पासवान अपने सहयोगियों के साथ फरार है। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)