कुलदीप सिंह लखीमपुर-खीरी
लखीमपुर खीरी। घने कोहरे के कारण सड़क हादसों में वृद्धि हुई है। बुधवार को दो भीषण दुर्घटनाएं हुईं। पहला हादसा रात करीब 9 बजे गोला-अलीगंज मार्ग पर हुआ, जब एक ट्राला अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा। इस दुर्घटना में ट्राला का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मकान का एक पिलर टूट गया और ट्राला का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर ट्राला के अंदर फंस गया , जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने घायल ड्राइवर को गोला सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे लखीमपुर ओयल ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। गुरूवार सुबह उसकी हालत बिगड़ी तो लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।मकान मालिक नादिर अली की पत्नी ने बताया कि हादसे के वक्त वे सभी छत पर खाना खा रहे थे। तेज आवाज सुनकर उन्हें लगा जैसे भूकंप आ गया हो।
नीचे आकर देखा तो ट्राला उनके मकान में घुसा हुआ था और ड्राइवर दर्द से कराह रहा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। महिला ने यह बताया कि गनीमत रही कि यह दुकान थी और रात में कोई अंदर नहीं था। उन्होंने अपने क्षतिग्रस्त मकान के लिए मुआवजे की मांग की है।गोला कोतवाल अम्बर सिंह ने जानकारी दी कि ट्राला अलीगंज की ओर से आ रहा था और ड्राइवर कथित तौर पर नशे में था। ड्राइवर की पहचान औरैया के बरमपुर निवासी गोपालजी के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इसी बीच, दूसरा हादसा गुरूवार सुबह गोला-खुटार मार्ग पर मालवा ढाबा के पास हुआ। यहां खैरा ट्रांसपोर्ट की एक बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रॉली खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। थानाध्यक्ष हैदराबाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया बस की गलती प्रतीत होती है और मामले की जांच जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



