समाज जागरण, गोड्डा। सार्थक संवाद और संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में उड़ीसा के कोणार्क, पुरी और भुवनेश्वर में 4–8 दिसंबर तक पञ्चदिवसीय उत्कल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए बहुभाषी कलाकारों ने कला–कलरव शीर्षक से अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम में ईसीएल के पूर्व चीफ इंजीनियर एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि-शायर सुशील साहिल को उनकी विशिष्ट रचनात्मक उपलब्धियों के लिए ‘विद्यापति विद्योत सम्मान’ प्रदान किया गया।
साहिल ने बताया कि इस उत्सव में झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, बिहार, बंगाल और उड़ीसा सहित कई राज्यों के कलाकार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड के संथाल परगना और उड़ीसा के आदिवासी समाज की सांस्कृतिक चेतना में अद्भुत समानताएँ हैं, जो भारतीय धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उत्सव के विभिन्न सत्रों में कत्थक नृत्यांगना डॉ. अनुराधा दुबे, गुजरात की डॉ. नयना डेल्हीवाला, राजस्थान के डॉ. बालमुकुन्द राजपुरोहित, जयपुर की कवयित्री ज्योत्सना सक्सेना, उर्दू–मैथिली के शायर सुशील साहिल, डॉ. रागिनी भूषण, गायिका–शायरा डॉ. राखी कटियार सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
एक विशिष्ट सत्र में कोल इंडिया के चीफ विजिलेंस ऑफिसर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने साहित्य में सतर्कता और भाषा प्रशासन पर संबोधन दिया। वहीं उत्कल अनुज लाइब्रेरी के सहयोग से आयोजित एक संगोष्ठी में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साहित्यकार डॉ. राहुल अवस्थी ने पाठ–पाठक–पुस्तकालय संस्कृति विषय पर प्रभावी वक्तव्य दिया।
रात्रिकालीन सत्रों में अनौपचारिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति भी हुई। अंत में कलाकारों ने भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर, पुरी के जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क के सूर्य मंदिर की विशेष दर्शन-यात्रा की।
उत्कल उत्सव में दिए गए प्रमुख सम्मान इस प्रकार रहे—
प्रेरणाप्रदीप सम्मान: डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी
कोणार्क कलार्णव: डॉ. राहुल अवस्थी
विद्यापति विद्योत सम्मान: सुशील साहिल
नृत्यतरंगिणी: अनुराधा दुबे
साहित्याम्बर सम्मान: नीलाम्बर चौधरी
साहित्य सम्मान: ज्योत्सना सक्सेना
स्वरमाधुरी सम्मान: डॉ. राखी कटियार
साहित्य महीधर सम्मान: डॉ. बालमुकुन्द राजपुरोहित
साहित्य सुधा सम्मान: डॉ. नयना डेल्हीवाला
काव्यभूषण सम्मान: रागिनी भूषण
समाज सुषेण सम्मान: डॉ. भारत भूषण
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी पवित्रजी और अमूल्य साहू को भी सम्मानित किया गया।





