वीरेंद्र चौहान,समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री (किसानों की डिजिटल पहचान) योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत टेऊसा में किसानों का पंजीकरण कार्य तेज़ी से जारी है। पंचायत स्तर पर इस अभियान को सफल बनाने के लिए किसान सलाहकार मधु कुमारी, सर्वे अमीन विशाल कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी पूरी तत्परता से लगे हुए हैं। कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर किसानों का ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत टेऊसा की मुखिया साजिदा खातून के नेतृत्व में पंचायत प्रशासन द्वारा इस अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुखिया प्रतिनिधि मैनुद्दीन ने बताया कि ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री आईडी किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस डिजिटल पहचान के माध्यम से किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि सहित अन्य लाभ सीधे, पारदर्शी एवं समय पर प्राप्त हो सकेंगे।
मुखिया साजिदा खातून एवं प्रतिनिधि मैनुद्दीन द्वारा पंचायत के विभिन्न वार्डों में जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण शिविर में पहुंचने की अपील की जा रही है। पंचायत की इस सक्रिय पहल से किसानों में जागरूकता बढ़ी है और पंजीकरण की गति में भी तेजी आई है।
पंचायत स्तर पर यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। वार्डवार पंजीकरण कर पंचायत के शत-प्रतिशत किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



