google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

दुधवा से बाहर निकल रहे बाघ-तेंदुए, ग्रामीणों में दहशत

कुलदीप सिंह | लखीमपुर-खीरी

लखीमपुर-खीरी जनपद में दुधवा टाइगर रिज़र्व से सटे इलाकों में बाघ और तेंदुए जैसे हिंसक वन्य जीवों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। शिकार की तलाश में जंगल से बाहर निकलकर ये वन्य जीव गन्ने के खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में खुलेआम घूमते दिखाई दे रहे हैं, जिससे गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।

ताज़ा मामला निघासन तहसील क्षेत्र के ग्राम सिंगहा कलां का है, जहां रामशंकर वर्मा के गन्ने के खेत में तेंदुए के चार शावक देखे गए। एक साथ इतने शावकों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। वन विभाग ने बच्चों और लोगों को अकेले खेतों की ओर न जाने तथा आवश्यक कार्यों के लिए समूह में जाने को कहा है।

इससे पहले गोविंदपुर फार्म निवासी एक ग्रामीण के घर में घुसकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया था। अगले ही दिन एक अन्य कुत्ते को भी हिंसक वन्य जीव ने मार डाला। वहीं तीन दिन पूर्व फरदहिया गांव में तेंदुए ने एक घर में घुसकर बछड़े को निवाला बना लिया था।

दुधवा बफर जोन की दक्षिण निघासन रेंज अंतर्गत लुधौरी, मंझगई और बेलरायां समेत कई क्षेत्रों में बाघ और तेंदुए लगातार देखे जा रहे हैं। इनकी मौजूदगी से ग्रामीणों में गहरी दहशत है। वर्तमान समय में जहां गांवों में गन्ने की कटाई और गेहूं की बुवाई जोरों पर है, वहीं हिंसक वन्य जीवों के डर से किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने, पिंजरे लगाने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)