google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

विश्व पर्यावरण दिवस पर उप तहसील चन्नौडी में वृक्षारोपण, हरित भविष्य के निर्माण का लिया संकल्प

चन्नौडी/बुढार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उप तहसील चन्नौडी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जैतपुर एसडीएम दीपक मडावी एवं नायब तहसीलदार मनोज शुक्ला की उपस्थिति में नीम, कटहल, अमरूद, आंवला सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम दीपक मडावी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के निरंतर दोहन से उत्पन्न चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी सबसे महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि एक पौधा न केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में सहायक होता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ जीवन प्रदान करने का आधार भी बनता है।

उन्होंने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित क्षेत्र के विस्तार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आवश्यक कदम बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।

नायब तहसीलदार मनोज शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रयास ही स्थायी परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देने और प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर रजनीश मिश्रा, मनोज सेन, प्रेमकुमार मिश्रा, सुदीप पाठक, रामनुजन कुशवाहा, रविभूषण शुक्ला, जगबन्धन तिवारी, श्री बजरंग ग्राम विकास समिति चन्नौडी के सुरेश मिश्रा,सतेन्द्र कुशवाहा, विन्देश्वरी द्विवेदी एवं सोभन पनिका सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वृक्षारोपण कार्यक्रम ने क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)