कालांवाली 26 नवम्बर (सुरेश जोरासिया) बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर सिरसा में एक राष्ट्रीय स्तर का ऐतिहासिक कार्यक्रम होने जा रहा है। सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन द्वारा बाल विवाह मुक्त सिरसा अभियान के लिए आज बालिकाओं के हाथों से ट्रॉफी लॉन्च की गई।
सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के डायरेक्टर सुनील जागलान ने बताया कि पिछले तीन महीने से बाल आजादी अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त सिरसा को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उसी अभियान के एक अहम पड़ाव के रूप में 27 नवंबर को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर झांकियों की प्रस्तुति रखी गई है।
यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में 27 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इस कार्यक्रम में सिरसा और सिरसा से बाहर के करीब 6 हजार से ज्यादा लोग भागीदार बनेंगे। बड़ी संख्या में बेटियां, महिलाएं, पंचायत प्रतिनिधि, छात्र, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में बाल विवाह के दोषियों को झांकी के रूप में दिखाया जाएगा। देश-दुनिया में पहली बार बाल विवाह की झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा संदेश होगा।
सुनील जागलान ने बताया कि झांकियों में बाल विवाह के सारे दोषी दिखाए जाएंगे – जो बाल विवाह करवाते हैं, जो उसमें शामिल होते हैं, जो चुप रहकर उसे होने देते हैं, और जो व्यवस्था की कमजोरी के कारण उसे रोक नहीं पाते। समाज को आईना दिखाने के लिए यह तरीका सबसे प्रभावशाली साबित होगा, क्योंकि लोग भाषण से ज्यादा झांकी से समझते हैं।
इस प्रतियोगिता में जो झांकियां विजेता रहेंगी, उन्हें 21 हजार, 11 हजार और 5100 रुपये का पुरस्कार तथा ट्रॉफी दी जाएगी। इसके लिए बाल विवाह मुक्त सिरसा की ट्रॉफी का लॉन्च बालिकाओं के द्वारा किया गया। बेटियों ने ही ट्रॉफी को अपने हाथों में उठाकर इस अभियान को आशीर्वाद दिया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को देश का सबसे प्रभावशाली अभियान बनाने के लिए बाल विवाह के दोषियों की झांकी का फार्मूला बहुत ही महत्वपूर्ण और मजबूत है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज की सोच बदलने का एक आंदोलन है।
उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उनके पहले वाले अभियान असरदार रहे और सरकारों ने उन्हें अपनाया है, इसी प्रकार से यह अभियान भी सरकार देश के हर एक जिले में मॉडल के तौर पर लागू करने की कोशिश जरूर करे। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से अपील की है कि बाल विवाह के दोषियों की झांकी के इस मॉडल को पूरे देश में अपनाया जाए, ताकि हर जिले, हर गांव में लोगों को यह समझ आए कि बाल विवाह अपराध है, परंपरा नहीं।
गौरतलब है कि
सुनील जागलान हरियाणा के जींद जिले के बीबीपुर गांव के रहने वाले हैं और वर्ष 2010 से 2015 तक अपने गांव के सरपंच रहे हैं। वे पिछले 16 वर्षों से महिला अधिकार, गांव के अधिकार और बाल अधिकारों के लिए कार्य कर रहे हैं। वे सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के माध्यम से कार्य कर रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.