google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में मवेशी बांधने के आरोप में चली गोलीबारी के दौरान दो घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बख्तियारपुर प्रखंड के माधोपुर गांव में बुधवार की देर शाम मवेशी बांधने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते-देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि फायरिंग तक हो गई जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की शुरुआत सुबह हुई जब सोनेलाल यादव और उनके तीन पुत्रों का अनिल यादव और उनके बेटों के साथ मवेशी बांधने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जोरदार बहस हुई और माहौल गर्म हो गया। हालांकि ग्रामीणों और परिवार के बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर विवाद का समझौता करा दिया। लेकिन यह शांति केवल कुछ घंटों की ही साबित हुई, क्योंकि शाम होते-होते तनाव फिर बढ़ने लगा। शाम के समय दोनों पक्ष फिर एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बात हाथापाई से आगे बढ़कर फायरिंग तक पहुंच गई। फायरिंग की चपेट में आने से अनिल यादव के दोनों बेटे आकाश और आरवी कुमार घायल हो गए। गोली लगने के बाद गांव में भगदड़ मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में छिपने लगे। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत बख्तियारपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग करने वाले युवक सूरज का आपराधिक इतिहास रहा है। वह करीब छह महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। पुलिस के अनुसार सूरज पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। जिससे उसके परिवार और गांव में लगातार तनाव की स्थिति बनी रहती है। फायरिंग की घटना के बाद माधोपुर गांव में तनाव चरम पर है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से दहशत में हैं। मात्र दो दिन पहले, सोमवार को भी एक पुराने विवाद को लेकर कई राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। लगातार होती इन घटनाओं से गांव का वातावरण असुरक्षित होता जा रहा है और लोग प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फायरिंग में शामिल आरोपी सूरज की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की और हिंसा को रोका जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)