google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

त्योहारों से पहले मानगो की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग, जदयू ने कार्यपालक अभियंता को सौंपा ज्ञापन



दैनिक समाज जागरण/ चांद कुमार लायेक


जमशेदपुर  मानगो क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू), पूर्वी सिंहभूम के जिला पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने मानगो क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने और सड़क के समतलीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।



जदयू नेताओं ने कहा कि मानगो पुल से डिमना रोड स्थित ब्लू बेस स्कूल के दोनों छोर तक तथा मानगो चौक से पायल टॉकीज तक की मुख्य सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने दावा किया कि जर्जर सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

जदयू नेताओं ने कार्यपालक अभियंता को बताया कि यह सड़क मानगो क्षेत्र के साथ-साथ शहर के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। यह मार्ग शहर को हाईवे से जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके अलावा एमजीएम अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी यह प्रमुख मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम राहगीरों को विशेष परेशानी होती है।

जदयू नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में लोग दोपहिया और अन्य वाहनों से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने विभाग से त्योहारों से पहले सड़क की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जदयू नेताओं ने कहा कि सड़क की मरम्मत केवल यातायात सुविधा के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। उन्होंने विभाग से क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

इस पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय ने जदयू नेताओं को आश्वासन दिया कि त्योहारों से पहले सड़क के गड्ढों को भरने और आवश्यक समतलीकरण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति का जायजा लेने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा, जो क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त स्थानों की पहचान करेगा और मरम्मत कार्य सुनिश्चित करेगा।

जदयू नेताओं ने कहा कि विभाग की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुसार यदि समय पर मरम्मत कार्य पूरा होता है तो इससे मानगो सहित आसपास के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रेम सक्सेना, आकाश शाह, संजीव सिंह, प्रकाश कोया, उषा यादव, अशोक सिंह, प्रवीण सिंह, लालू गॉड, विनोद सिंह, दिनेश कुमार सिंह, शरीन अख्तर, चुन्नू भूमिज, त्रिलोचन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)