समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी छात्राओं से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा देशभक्ति की भावना को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा शान से लहराए और पूरा सोनभद्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग जाए।
उन्होंने तिरंगा फहराते समय ध्वज की गरिमा एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि है, इसलिए उपयोग के बाद उसे इधर-उधर न फेंका जाए तथा सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा किए गए ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



