गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में मारी टक्कर,दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

गंभीर रूप से घायल बाइक चालक मंडलीय अस्पताल रेफर

मध्य प्रदेश में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से लौट रहे थे। घर से लगभग 2 किलोमीटर पहले घटी घटना

समाज जागरण

मीरजापुर /ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के मिर्ज़ापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित लहुरियादह गांव में मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीन लोगों में दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद ट्रेलर चालक गिट्टी लदे ट्रेलर को हाइवे पर छोड़कर भाग निकला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक चालक को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र के बुदामा गांव निवासी 57 वर्षीय लक्ष्मी नारायण पाल अपने नाती 18 वर्षीय अंकित कुमार पाल निवासी नेवढ़िया थाना सोहागी जिला रीवा मध्य प्रदेश के साथ बाइक से प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी 56 वर्षीय अपने समधी हरिशंकर पाल के यहां गए।

यहां से तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर सोमवार की शाम रिश्तेदार के यहां बरात में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के कचनार गांव गए थे। मंगलवार सुबह तीनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे सुबह नौ बजे के करीब जैसे ही लहुरियादह गांव में पहुंचे तो मध्यप्रदेश की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी नारायण पाल व हरिशंकर पाल उर्फ कैर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा अंकित पाल गंभीर से घायल हो गया।

हेलमेट पहनने की वजह से अंकित के सिर में चोटें नही आई लेकिन पैर में गंभीर चोट आई हैं।सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ विनोद सिंह, शिवाकांत पांडेय एसआइ पुनीत गुप्ता ने घटना की जांच करते हुए घायल बाइक चालक को उपचार हेतु न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर चोट को देखते हुए बाइक चालक को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। मध्य प्रदेश निवासी मृतक लक्ष्मी नारायण पाल को दो पुत्र हैं। प्रयागराज जिला निवासी मृतक हरिशंकर पाल उर्फ कैर को दो पुत्र और दो पुत्री हैं। जिसमें एक पुत्र अविवाहित है। दोनों मृतक खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर बसर करते थे। घटना की खबर पाकर मृतकों के रिश्तेदार व परिजन ड्रमंडगंज थाने पहुंच गए। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम से बाइक से घर जा रहे दो लोगों की ट्रेलर की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)