google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय का अमेठी एक्सपोज़र विज़िट के लिए चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

बिकास राय
ब्यूरो चीफ गाजीपुर
दैनिक समाज जागरण

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद ब्लॉक के राजापुर ग्राम पंचायत के प्रधान अश्वनी कुमार राय का चयन पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित दो दिवसीय अमेठी एक्सपोज़र विज़िट (8–9 दिसंबर) के लिए किया गया है। इस सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।

पंचायती राज विभाग के निदेशक राजेश कुमार त्यागी ने प्रदेश के 19 जिलों से 8-8 ग्राम प्रधानों को इस विशेष अध्ययन भ्रमण के लिए आमंत्रित किया है। चयनित प्रतिनिधि अमेठी के विकसित एवं आदर्श गांवों में जाकर वहाँ की आधुनिक तकनीकों, उत्कृष्ट ग्राम प्रशासनिक व्यवस्थाओं, नवाचारी विकास मॉडल और सफल योजनाओं का अध्ययन करेंगे। उद्देश्य है कि इन मॉडलों को समझकर प्रधान अपने-अपने गांवों में विकास को गति दे सकें।

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय का चयन न केवल मुहम्मदाबाद ब्लॉक, बल्कि पूरे गाजीपुर जनपद के लिए गौरव की बात है। उनकी सक्रिय कार्यशैली, नवाचारों के प्रति रुचि और विकास कार्यों के प्रति समर्पण को इस उपलब्धि का आधार माना जा रहा है।

जनता का स्नेह ही मेरी असली ताकत -अश्वनी कुमार राय
ग्राम प्रधान ने कहा कि यह सम्मान उनकी ग्राम पंचायत की जनता के विश्वास और सहयोग की वजह से मिला है। उन्होंने कहा—
“राष्ट्रीय स्तर के ऐसे कार्यक्रमों से सीखने का अवसर मिलता है। अमेठी के मॉडल गांवों में अपनाई जा रही योजनाओं को समझकर उन्हें अपने पंचायत में लागू करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राजापुर विकास की नई ऊँचाइयों को छू सके।”

गौरतलब है कि अश्वनी कुमार राय इससे पहले भी कई सरकारी व राष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों में जिले का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका मानना है कि पंचायत स्तर पर युवाओं की भागीदारी और ग्रामीण नवाचार ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति है।

अमेठी एक्सपोज़र विज़िट में उनका चयन भविष्य में राजापुर ग्राम पंचायत के लिए नए विकास अध्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)