दैनिक समाज जागरण/पटना डेस्क
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के नदावां गांव के पावर ग्रिड के पास एक बस ने दो पैदल महिला कांवड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें से एक की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दूसरी महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई।
हालांकि, दोनों को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल चिकित्सा के लिए लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
शिवलिंग पर जल चढ़ाने जा रही थी महिलाएं
बताया जाता है कि करीब 50 महिलाओं का जत्था उमानाथ से गंगाजल भरकर बरबीघा के पास ओनमा गांव में तालाब के किनारे स्थित शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए जा रहा था। नदावां गांव के पास जैसे ही ये जत्था पहुंचा, पीछे से एक बस ने आकर टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में दो महिलाएं आ गई।
रांची की रहने वाली थी मृतका
इसमें मौके पर एक की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रुप से जख्मी हो गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल में रखा है।
मृतक महिला की पहचान संजय ओझा नामक व्यक्ति की 35 वर्षीय पत्नी के रुप में की गई है। घायल महिला लीलावती के पति का नाम अमित बताया जाता है। दोनों महिला झारखंड के रांची की निवासी बताए जा रही हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



