युवाओं के हक की लड़ाई के लिए अब सड़क पर उतरेगी युवा कांग्रेस-यश घनघोरिया पंचायत चलो अभियान के तहत विलायत कला में विशाल जनसभा,कटनी के स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने और पलायन पर भड़के नेता।
कटनी।मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया का कटनी जिले के विलायत कला ग्राम में प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया।जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में चलाए जा रहे पंचायत चलो अभियान के तहत रविवार को एक विशाल मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनसभा में क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं,महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए मंच से प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारें युवाओं के भविष्य के साथ केवल छलावा कर रही हैं,उन्होंने कहा आज का युवा उच्च शिक्षित होने के बावजूद हाथ में डिग्री लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।कमरतोड़ महंगाई ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है।यू एस ट्रेड डील मोदी ने दबाववश स्वीकार की है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और युवाओं को उनका हक व रोजगार दिलाने के लिए जल्द ही सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की केंद्र सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण आज देश कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के लिए घंटों कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और जनता अब इस सरकार से बदलाव चाहती है।श्री मिश्रा ने एलान किया कि आने वाले समय मे 5000 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ वे कटनी मे सड़कों पर उतरेंगे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कटनी जिले की औद्योगिक स्थिति और बेरोजगारी के अंतर्विरोधों को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने कहा कि कटनी जिला पूरे मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में भारी-भरकम राजस्व देता है, लेकिन इस जिले का दुर्भाग्य है कि यहाँ का मूल निवासी युवा आज भी रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को विवश है।इसराइल ने उद्योगपतियों और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,कटनी जिले में कई बड़ी कंपनियां और उद्योग स्थापित हैं, लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि इन कंपनियों में बिहार,उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और राजस्थान जैसे बाहरी राज्यों से लाकर लोगों को काम दिया जा रहा है। स्थानीय युवाओं की इस अनदेखी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार दिलाने के लिए युवा कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
पंचायत चलो अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस की मजबूत एकजुटता भी देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता और कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक सुर में आगामी दिनों में युवाओं के ज्वलंत मुद्दों को लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर एक बड़े और निर्णायक आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने की बात कही।
इस दौरान पूर्व विधायक बसंत सिंह,प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र दादू सिंह,संगठन प्रभारी चेतन चौधरी,विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग,शैलेश जयसवाल,दीपक यादव,शुभम साहू ,वरिष्ठ नेता संतोष यादव,मुकेश यादव,महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया,सन्दीप सिंह, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटिक,हेमा शर्मा,माया चौधरी,मीनाक्षी बलवी,ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम,आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार सिंह ,अवध लाल यादव ,लल्लन सिंह,कमलेश पांडेय ,विजय चौधरी ,कैलाश कोल , श्रीकान्त मिश्रा ,परम कोल ,धनी राम रजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



