समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फतुहा क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया जब स्टेशन रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि इसकी लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ और एक परिवार की पूरी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया।
घटना फतुहा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर घटी, जो थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। देर रात जब अधिकांश दुकानें बंद थीं और लोग घरों में सो रहे थे, तभी अचानक मोबाइल की दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी चपेट में लेने लगी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फतुहा थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि फायर ब्रिगेड कुछ देर और करती, तो आसपास की तीन-चार अन्य दुकानें भी आग की भेंट चढ़ सकती थीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। इस दुकान के मालिक रौशन कुमार हैं, जो मूल रूप से जहानाबाद जिले के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे फतुहा के मिर्जापुर नोहटा मोहल्ला में अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहते हैं। रौशन और उनके छोटे भाई की पूरी आजीविका इसी दुकान से चलती थी। इस दुकान में मोबाइल फोन, टीवी कवर, मोबाइल टेंपर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज रखी जाती थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। अनुमान है कि इस अग्निकांड में करीब दो लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। यह दुकान रौशन और उनके परिवार के लिए आमदनी का एकमात्र जरिया थी, जिससे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। दुकान के जलने के बाद परिवार पूरी तरह से सदमे में है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अब जीवन कैसे आगे बढ़ेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



