google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

छोटे से नगर गौरेला के बेटे ने चिकित्सा जगत में रोशन किया जिले का नाम, डॉ. अनिमेष चौधरी को मिला प्रतिष्ठित RSSDI-USV अवार्ड

बेंगलुरु में राष्ट्रीय समारोह के दौरान मधुमेह के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान, अंतरराष्ट्रीय डायबिटीज फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. पीटर स्क्वाज ने किया सम्मानित; बेटे की उपलब्धि से परिवार सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल
जितेंद्र शर्मा
गौरेला। प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती और यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो छोटे से नगर से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। इस बात को गौरेला के युवा चिकित्सक डॉ. अनिमेष चौधरी ने अपनी शानदार उपलब्धि से सच साबित कर दिखाया है। चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन, ज्ञान और समर्पण के दम पर उन्होंने न केवल अपने परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।

नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी शशिकांत चौधरी गौंटिया के कनिष्ठ पुत्र डॉ. अनिमेष चौधरी को भारत की प्रतिष्ठित संस्था रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (RSSDI) द्वारा 21 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित RSSDI-USV अवार्ड से सम्मानित किया गया। मधुमेह के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों के विकास तथा डायबिटीज से पीड़ित मरीजों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि को और भी खास बनाने वाली बात यह रही कि बेंगलुरु में आयोजित समारोह में अंतरराष्ट्रीय डायबिटीज फेडरेशन (IDF) के अध्यक्ष जर्मनी के डॉ. पीटर स्क्वाज ने डॉ. अनिमेष चौधरी को सम्मानित किया। इस अवसर पर देश के ख्यातिलब्ध डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. सुनील गुप्ता (नागपुर), डॉ. अनुज माहेश्वरी, डॉ. बंशी साबू एवं डॉ. राकेश बख्शी ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह रहे।

डॉ. अनिमेष चौधरी की यह सफलता एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, निरंतर अध्ययन और मरीजों के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने एम्स दिल्ली एवं एस्कॉर्ट्स हार्ट सेंटर जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वर्तमान में वे आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल, रायपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मधुमेह के अलावा संक्रामक बीमारियों, दमा, गठिया, थायराइड सहित विभिन्न रोगों के उपचार के माध्यम से वे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

चिकित्सा को केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का माध्यम मानने वाले डॉ. अनिमेष स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सोशल मीडिया, टेलीविजन और रेडियो के माध्यम से वे लगातार आम लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी देते हैं। उनका उद्देश्य है कि बीमारी गंभीर रूप लेने से पहले ही लोग जागरूक हों और उचित चिकित्सा परामर्श लेकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

गौरेला जैसे छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराना निश्चित ही क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। डॉ. अनिमेष की यह उपलब्धि बताती है कि सपने बड़े हों, मेहनत सच्ची हो और उद्देश्य समाज की सेवा हो तो सफलता की राह स्वयं बन जाती है।

आज इस सम्मान के साथ केवल एक चिकित्सक की उपलब्धि नहीं जुड़ी है, बल्कि गौरेला की मिट्टी का गौरव भी देश के प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचा है। बेटे की इस सफलता से पिता शशिकांत चौधरी गौंटिया, परिवारजनों, शुभचिंतकों और नगरवासियों में हर्ष और गर्व का माहौल है। पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए यह क्षण गौरवपूर्ण है। निश्चित ही डॉ. अनिमेष चौधरी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देती रहेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)