तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में 27 नवंबर को जुटेंगी देश की प्रतिष्ठित हस्तियां, सैन्य नेतृत्व से लेकर सिनेमा, उद्यमिता और युवा सोच तक के साझा होंगे प्रेरक अनुभव
ख़ास बातें
कारगिल युद्ध के अनुभवों से रूबरू कराएंगे एयर चीफ मार्शल रिटायर्ड बी.एस. धनोआ
चार दशक के सैन्य अनुभवों से नेतृत्व का पाठ पढ़ाएंगे सेवानिवृत एडमिरल हरि कुमार
वर्दी से अभिनय तक का सफर स्टुडेंट्स से साझा करेंगे रिटायर्ड मेजर मो. अली शाह
सामान्य सवाल से लेकर उद्यमिता और नवाचार की यात्रा बताएंगे डॉ. सार्थक बख्शी
अभिनय की दुनिया के संघर्ष और अनुभव साझा करेंगे एक्टर गुलशन पांडेय
महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर विचार साझा करेंगी सिद्धि सोमानी जौहरी
टीएमयू की छात्रा समृद्धि शर्मा भी स्टुडेंट्स से साझा करेंगी अपनी युवा सोच
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कैंपस में 27 नवंबर को TEDx TMU मुरादाबाद 2026 में सैन्य नेतृत्व, सिनेमा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाएं अपने अनुभवों, संघर्षों और सफलता की कहानियों से स्टुडेंट्स को प्रेरित करेंगी। यह मंच न केवल विचारों के आदान-प्रदान का अवसर बनेगा, बल्कि युवाओं को परंपरागत सोच से आगे बढ़कर नवाचार और सकारात्मक बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। TEDx TMU मुरादाबाद में वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल सेवानिवृत बी.एस. धनोआ, रिटायर्ड एडमिरल आर. हरि कुमार कृष्णन, भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी एवम् अभिनेता मेजर मोहम्मद अली शाह, आरआईएसएए आईवीएफ के संस्थापक एवम् सीईओ डॉ. सार्थक बख्शी, अभिनेता श्री गुलशन पांडेय, क्लिनिकल बायोकेमिस्ट एवम् उद्यमी सुश्री सिद्धि सोमानी जौहरी, टीएमयू की छात्रा एवम् यूथ एक्स विजेता सुश्री समृद्धि शर्मा आदि अपने विचार साझा करेंगी। कार्यक्रम में टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन के अलावा वीसी प्रो. वीके जैन, डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन आदि की उल्लेखनीय मौजूदगी रहेगी। भारतीय वायुसेना के एयर चीफ मार्शल सेवानिवृत बी.एस. धनोआ साहस, रणनीतिक दूरदर्शिता और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता पर अपने विचार साझा करेंगे। चार दशक से अधिक के सैन्य करियर में उन्होंने 3,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव प्राप्त किया। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान नंबर 17 स्क्वाड्रन (गोल्डन ऐरोस) के कमांडिंग ऑफिसर के रूप में उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हवाई सैन्य अभियानों का नेतृत्व किया। वर्ष 2017 से 2019 तक वायुसेना प्रमुख रहे एयर चीफ मार्शल धनोआ का अनुभव युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा देगा।
भारतीय नौसेना के नौसेना प्रमुख सेवानिवृत एडमिरल आर. हरि कुमार राधाकृष्णन अपने सैन्य जीवन के अनुभवों के माध्यम से नेतृत्व, अनुशासन और रणनीतिक सोच के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे। वर्ष 1983 में भारतीय नौसेना में कमीशन हुए एडमिरल हरि कुमार ने चार दशकों से अधिक के करियर में आईएनएस विराट सहित कई महत्वपूर्ण युद्धपोतों की कमान संभाली। नवंबर 2021 से नवंबर 2024 तक नौसेना प्रमुख के रूप में उन्होंने नौसेना के आधुनिकीकरण और समुद्री सुरक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके मेजर रिटायर्ड मोहम्मद अली शाह सैन्य अनुशासन, नेतृत्व और रचनात्मकता के अनूठे अनुभवों से विद्यार्थियों को रूबरू कराएंगे। सेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित मेजर शाह ने सैन्य सेवा के बाद अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। हैदर, बजरंगी भाईजान, एजेंट विनोद और यारा सरीखी फिल्मों तथा वेब सीरीज में अवरोध में उनके अभिनय को सराहना मिली है। आईआईएम कलकत्ता के पूर्व छात्र मेजर शाह बताएंगे कि किस प्रकार चुनौतियां व्यक्ति को नई पहचान बनाने और जीवन में नए अवसर तलाशने का अवसर देती हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र के उद्यमी, आरआईएसएए आईवीएफ के संस्थापक एवं सीईओ तथा नीओस एंजल्स के सह-संस्थापक डॉ. सार्थक बख्शी उद्यमिता और सामाजिक नवाचार के नए आयाम प्रस्तुत करेंगे। फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया में स्थान प्राप्त कर चुके डॉ. बख्शी 30 से अधिक स्टार्टअप में निवेश का अनुभव रखते हैं। वे बताएंगे, एक सामान्य-सा सवाल बड़ा विचार, बड़ा विचार एक उद्यम और एक उद्यम समाज में व्यापक बदलाव का माध्यम किस प्रकार बन सकता है।
टेलीविजन और बॉलीवुड अभिनेता श्री गुलशन पांडेय अपने अभिनय सफर और मनोरंजन जगत की चुनौतियों से विद्यार्थियों को परिचित कराएंगे। क्राइम पेट्रोल में प्रभावशाली किरदारों से पहचान बनाने वाले गुलशन पांडेय पीके, वांटेड और गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं। फिल्म हनुमान अंश में इंस्पेक्टर धरम सिंह की भूमिका में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई। उनका संबोधन संघर्ष, निरंतरता, रचनात्मकता और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरक कहानी होगा। क्लिनिकल बायोकेमिस्ट, उद्यमी और समाजसेवी सुश्री सिद्धि सोमानी जौहरी महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और स्वतंत्र पहचान के विषय पर अपने विचार रखेंगी। 250 से अधिक सम्मानों और उपलब्धियों से सम्मानित सिद्धि को मिस इंडिया इंटरनेशनल 2019, मिस ग्लैक्सी क्वीन इंडिया 2019, और फेस ऑफ इंडिया 2023 जैसे खिताब मिल चुके हैं। नारी प्रोजेक्ट की सह-संस्थापक के रूप में वे स्वास्थ्य शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनका संबोधन महिलाओं की बहुआयामी प्रतिभा, महत्वाकांक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देगा। TEDx TMU 2026 में टीएमयू की छात्रा पार्लियामेंट डिबेट कॉम्पिटिशन की विजेता और टीएमयू यूथ एक्स का खिताब हासिल कर चुकी सुश्री समृद्धि शर्मा युवाओं के आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और सामाजिक मुद्दों पर मुखर अभिव्यक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.