कुकड़ू के पारगामा में रात के अंधेरे में हाथी का उत्पात, पीड़ित परिवार से मिलकर भाजपा नेताओं ने दी आर्थिक सहायता
चांडिल : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पारगामा गांव में बीती रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने जीतु महतो के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। घटना के दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, हालांकि घर उजड़ जाने से परिवार के सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को भाजपा नेता खगेन महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान निजी स्तर पर पीड़ित परिवार को टॉर्च लाइट, पटाखे और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। साथ ही परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया।
मौके पर प्रशासन एवं वन विभाग से पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा देने तथा रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की गई। इसके अलावा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
इस अवसर पर भाजपा कुकड़ू मंडल अध्यक्ष सुमन मुखर्जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत महतो, बूथ अध्यक्ष राकेश महतो सहित पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



