अष्टादश गीता श्लोक जनसंदेश अभियान के तहत चार वर्षों से दे रही हैं गीता ज्ञान का संदेश
दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]
भिवानी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति के बैनर तले संचालित अष्टादश गीता श्लोक जनसंदेश अभियान से जुड़ी पर्यावरण संरक्षण अभियान की ब्रांड एंबेसडर आरोही भारद्वाज को श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार, भिवानी की ओर से सम्मानित किया गया। परिवार के पदाधिकारियों ने आरोही को स्मृति चिह्न, गीता ज्ञान यज्ञ की पुस्तक एवं नकद पुरस्कार भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज के मार्गदर्शन में आरोही पिछले चार वर्षों से गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज एवं श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार की प्रेरणा से गीता संदेश और अष्टादश गीता श्लोकों के उच्चारण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में जुटी हुई हैं। इस अभियान के माध्यम से लोगों को श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान, संस्कारों और जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि इस जागरूकता अभियान को मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार, भिवानी के अध्यक्ष नरेश आहूजा एवं महासचिव विनोद छाबड़ा ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज का घर-घर गीता संदेश पहुंचाने का संकल्प साकार हो सकता है। उन्होंने आरोही के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र से गीता प्रचार के कार्य से जुड़ना अपने आप में प्रेरणादायक है।
उन्होंने बताया कि आरोही भारद्वाज मात्र तीन वर्ष की आयु में ही गीता संदेश कार्यक्रम एवं जनसंदेश अभियान से जुड़ गई थीं। यह भिवानी के लिए गौरव की बात है कि स्वयं गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज भी आरोही को सम्मानित कर चुके हैं। इसके अलावा आरोही तीन बार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में विवेकानंद हाई स्कूल के विद्यार्थियों के साथ अष्टादश गीता श्लोकों के सामूहिक उच्चारण का नेतृत्व कर चुकी हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि आरोही जैसी बाल प्रतिभाओं के प्रयास समाज में भारतीय संस्कृति, संस्कारों और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर गीता प्रेमी आत्म प्रकाश टुटेजा,विनोद छाबड़ा, समाजसेवी बृजेश जावला, डॉ विनोद अंचल, डॉ ओपी नन्दवानी, डॉक्टर सुमन, विजय कुमार, पवन कुमार , मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.