google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर डीसी साहिल गुप्ता ने की समीक्षा बैठक

धुंध के मौसम से पहले सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश, स्कूल बसों की जांच और यातायात नियमों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई के आदेश

महेन्द्र जावला, दैनिक समाज जागरण, बहल।

भिवानी, 27 नवंबर। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी साहिल गुप्ता ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध मौके पर जाकर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

डीसी ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों पर निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई करवाई जाए। मुख्य सड़कों, संपर्क मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सफेद पट्टियां तथा उचित सांकेतिक चिह्न लगाए जाएं। भारी मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाना भी सुनिश्चित किया जाए।

धुंध के मौसम में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश

डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में धुंध का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करें। ट्रैक्टर सहित भारी मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं, ताकि रात और धुंध के दौरान वाहन दूर से दिखाई दे सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर कहीं भी गड्ढे या खुले होल न रहें। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बिना हेलमेट वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने वालों के चालान किए जाएं। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की भी हुई समीक्षा

बैठक में डीसी ने सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की समीक्षा करते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को जिले में संचालित स्कूल बसों की नियमित जांच करने को कहा।

सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र में स्कूल वाहनों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि जनवरी से अक्टूबर तक कुल 577 स्कूल बसों की जांच की गई तथा नियमों की अवहेलना पर 70 चालान किए गए। इस कार्रवाई से 3 लाख 51 हजार रुपये की फीस वसूली गई।

दस महीने में सड़क दुर्घटनाओं में 121 लोगों की मौत

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, एक जनवरी से 31 अक्टूबर तक जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 121 लोगों की जान गई। इनमें सबसे अधिक 70 मोटरसाइकिल और स्कूटी सवार शामिल थे।

दुर्घटनाओं में पैदल चलने वाले 22 लोगों, कार सवार 14 लोगों, बस सवार तीन लोगों, साइकिल सवार दो लोगों और ट्रैक्टर दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई। इसके अलावा अन्य वाहनों में एक व्यक्ति, टेंपो और ई-रिक्शा में तीन लोग, कैंटर में एक व्यक्ति तथा पिकअप और बोलेरो में सवार दो लोगों की जान गई।

यातायात नियम तोड़ने वालों के 4382 चालान

यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस विभाग ने अक्टूबर महीने में कार्रवाई करते हुए कुल 4382 चालान किए।

वहीं परिवहन विभाग द्वारा जनवरी से अक्टूबर तक कुल 2439 चालान किए गए। इन चालानों के माध्यम से 6 करोड़ 32 लाख 26 हजार 80 रुपये की कंपाउंडिंग फीस वसूली गई।

बैठक में एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, डीएसपी अनूप कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज कुमार दलाल और एसडीएम विजया मलिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)