जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के बावजूद नहीं मिली राहत
कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
ब्लॉक कुंभी की समस्त आशा बहुएं विगत 15 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिसके चलते टीकाकरण सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। यह स्थिति आमजन के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्लॉक कुंभी की 200 से अधिक आशा बहुएं अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर हैं। हड़ताल के दौरान आशा बहुएं जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंप चुकी हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या आश्वासन न मिलने से उनमें आक्रोश व्याप्त है।
आशा बहुओं का कहना है कि उन्हें समय से मानदेय नहीं दिया जाता, जिससे उनके दैनिक एवं पारिवारिक खर्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आशा बहुएं स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन मानदेय भुगतान के समय विभागीय स्तर पर हीला-हवाली और देरी आम बात हो गई है। इसी को लेकर वे मजबूरन हड़ताल पर जाने को विवश हुई हैं।
हड़ताल के क्रम में 20 दिसंबर को गोला गोकर्णनाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा बहुओं ने एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
इस संबंध में जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गणेश से संवाददाता ने बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि आशा बहुओं की मांगें शासन स्तर की हैं और उनके स्तर पर उनका निस्तारण संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आशा बहुओं की हड़ताल के चलते क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर आशा बहुओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं पुनः सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



