कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
शनिवार को तहसील गोला में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर विधिक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समय से कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। गोला तहसील में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में शिकायतों का निस्तारण कराया गया, जबकि जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल की तहसील मुख्यालयों पर उपस्थित रहकर जनशिकायतों का समाधान कराया गया।
तत्पश्चात बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गोला स्थित रैन-बसेरे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां ठहरने वाले व्यक्तियों की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सत्यापन कराया गया। साथ ही ठंड से बचाव, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि रैन-बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी रूप से संचालित रहें। इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि ठंड के मौसम में बेसहारा एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता हेतु आगे आएं तथा किसी भी असहाय व्यक्ति की जानकारी प्रशासन या पुलिस को तत्काल दें, ताकि उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



