मुंबई |
ओम शिवाय बैनर तले बनी हॉरर–थ्रिलर, पारिवारिक कॉमेडी और इमोशनल फिल्म सिहरन 12 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और कलाकारों के अभिनय की सराहना की जा रही है। फिल्म के निर्माता हरि नारायण चौरसिया तथा सहनिर्माता आभा चौरसिया हैं, जबकि निर्देशन एवं लेखन की जिम्मेदारी मनीष कुमार वर्मा ने निभाई है। फिल्म की मुख्य नायिका आराधना सचान और नायक अभिषेक शर्मा हैं।
फिल्म सिहरन की शूटिंग मध्यप्रदेश के छतरपुर में की गई है, जिसमें पान की खेती को भी रोचक ढंग से दर्शाया गया है। इस फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर निवासी अतुल वत्सल ने बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अतुल वत्सल बचपन से ही फिल्मों में काम करने का सपना देखते रहे हैं, जिसे उन्होंने सिहरन में अभिनय कर पूरा किया है।
फिल्म में अतुल वत्सल ने ‘लल्लन बाबा’ नामक कॉमेडी किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने करीब दस वर्षों तक लगातार संघर्ष और मेहनत की है। सिहरन के बाद उन्हें मुंबई से नए प्रोजेक्ट्स के ऑफर भी मिलने लगे हैं। अतुल वत्सल ने कहा कि वे भविष्य में बॉलीवुड फिल्मों में हास्य कलाकार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।
अतुल वत्सल ने अपने सफल प्रदर्शन का श्रेय फिल्म के निर्देशक मनीष कुमार वर्मा और सहकलाकार आराधना सचान को देते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें एक सशक्त भूमिका दी। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों से मिल रही सराहना उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। इससे पहले अतुल वत्सल ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सुकन्या और कामाक्षी जैसी वेब सीरीज में काम कर चुके हैं, जो दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही हैं।
फिल्म सिहरन में वरिष्ठ कलाकारों की भी मजबूत मौजूदगी है, जिनमें जूनियर महमूद, मुश्ताक खान, आर. के. गोस्वामी, प्रताप सोनी, नीरज राजपूत, हैरी ओबेरॉय, अब्दुल गफ्फार, उत्कर्ष वाजपेई, अंजू अरुण, जितेंद्र जयतोष कुमार, विवेक कुमार, राजू हर्षाना, मधुश्री, एक्शन वीर मास्टर, रवि सैनी और डी.ओ.पी. राज यादव प्रमुख हैं। अतुल वत्सल ने अभिनेता मुश्ताक खान के साथ काम करने के अनुभव को भी यादगार बताया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



