पंकज कुमार पाठक,दैनिक समाज जागरण
●पदमा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश●
पदमा। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पदमा एवं इचाक प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पदमा की कुछ मिठाई दुकानों में मेटानिल येलो रंग के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता त्रिपाठी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सोनखाची मिष्ठान भंडार एवं मां दुर्गा खिरमोहन मिष्ठान भंडार में मेटानिल येलो रंग की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। वहीं, सरैया चट्टी स्थित मिट्टू स्वीट्स में बेसन के लड्डू में भी उक्त रंग की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
जांच टीम ने होटल ग्रीन गार्डन, मिट्टू स्वीट्स, स्वाति स्वीट्स, न्यू स्वाति स्वीट्स, प्रियंका स्वीट्स एवं अशोक यादव की दुकान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा इटखोरी रोड स्थित लगभग चार गुपचुप ठेलों की भी जांच की गई, जहां गुपचुप में मेटानिल येलो रंग के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का वैध लाइसेंस या पंजीकरण नहीं पाया गया, उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। पैकेटबंद खाद्य सामग्री पर अंकित एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण संख्या की जांच करें तथा मिलावटी या अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग को दें।
जांच दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. नावेद अंजुम, अम्ब्रीश पांडे, विकास शर्मा एवं धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



