मीरजापुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ की ओर से शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सिटी क्लब में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 15 सूत्रीय मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार को सौंपा। नगर मजिस्ट्रेट ने मांग पत्र को शासन तक भेजने का आश्वासन दिया।
जिला अध्यक्ष उपेंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि किसानों को दिए जा रहे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि को दोगुना किया जाए। उन्होंने मांग की कि समितियों पर स्थापित क्रय केंद्रों का प्रभारी संबंधित समिति के सचिव को बनाया जाए, ताकि क्रय केंद्र पर किसी प्रकार की अनियमितता होने पर संबंधित सचिव की जवाबदेही तय हो सके।
उन्होंने राजगढ़ क्षेत्र के सेमरी गांव में पूर्व में संचालित धान क्रय केंद्र को दोबारा शुरू कराने की मांग की। उनका कहना था कि करीब दो वर्ष पहले क्रय केंद्र बंद होने के कारण क्षेत्रीय किसानों को धान बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने सेमरी गांव स्थित बंधी में लगातार हो रहे सीपेज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सीपेज रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा पिछले करीब दस वर्षों से हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। किसानों ने इस मामले की जांच कराने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सेमरी गांव में प्रस्तावित अदाणी समूह के प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण की चर्चा का मुद्दा भी उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि भूमि लेना आवश्यक हो तो ऐसी भूमि का चयन किया जाए, जिस पर कृषि उत्पादन नहीं होता हो, ताकि किसानों की आजीविका प्रभावित न हो।
जिला अध्यक्ष ने जिले की नहरों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नहरों की सफाई प्रत्येक वर्ष कराए जाने के बावजूद कई स्थानों पर सफाई का अभाव बना रहता है। किसानों ने नहरों की समुचित सफाई और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की।
इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष उपेंद्र प्रकाश सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, काशी प्रांत सदस्य कृष्णानंद सिंह, शिव शंकर पाल, मनोज सिंह, विजय सिंह, सतीश सिंह, श्याम सुंदर कनौजिया, ओम प्रकाश दुबे, विनोद कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



