ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र/ शक्तिनगर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में दिनांक 15 नवंबर 2025 को “जनजातीय गौरव दिवस” समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस समारोह के मुख्य अतिथि शिवांशु तोमर केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जनजातीय जीवन और विकास के अपने संघर्ष गाथा को छात्रों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बिरसा मुंडा के देशभक्ति और जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष पर प्रकाश डाला। समारोह के विशिष्ट अतिथि जैसेफिन इक्का केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर ने मुंडा जनजातीय के राष्ट्रभक्ति और प्रकृति प्रेम को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने जनजातीय परंपरा में समूह नृत्य, समूह गायन के साथ विभिन्न प्राकृतिक वाद्य यंत्रों के महत्व को रेखांकित किया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे संस्था के प्रभारी डॉक्टर प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान दौर संघर्षों का है ऐसी स्थिति में जनजातीय समुदाय के लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं त्याग को आत्मसात करने की जरूरत है तभी वह समाज के समग्र विकास की ओर अग्रसर होंगे इसके लिए इस वर्ग के लोगों को आगे आना होगा और अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना होगा। समारोह के दूसरे विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार पनिका अभियंता अनपरा परियोजना ने कहा कि आदिवासियों के विकास में उनको जमीन के मालिकाना हक दिया जाना चाहिए ताकि वह देश के विकास की मुख्य धारा से जोड़ सकें। अन्य विशिष्ट अतिथि रामकृष्ण प्रधान प्रतिनिधि बेलदहवा ने भी सोनभद्र में जनजातियों के शिक्षा स्वास्थ्य और रोजगार के समस्याओं के प्रति सामाजिक पहल की वकालत की। समारोह के बतौर मुख्य वक्ता रंजीत कुमार राय शोध छात्र काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने जनजातीय पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उनके समक्ष उत्पन्न होती चुनौतियों पर प्रकाश डाला । उन्होंने जनजातीय विकास के लिए मीडिया के उपयोग को एक महत्वपूर्ण साधन बताया। इस अवसर पर दो जनजातीय छात्राओं पायल कुमारी एवं अंजना पूर्ति को सम्मानित किया गया ।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 विनोद कुमार पांडेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 छोटेलाल प्रसाद द्वारा किया गया। समारोह में डॉक्टर दिनेश कुमार, डॉ मनोज कुमार गौतम, प्रशांत कुमार विश्वकर्मा, श्रवण कुमार, हिमांशु, राहुल, ज्योति, पूजा, खुशबू, रोशनी, आयशा परवीन, कोमल विशेष जायसवाल का सहयोग अनुकरणीय रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



