ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने घोरावल ब्लॉक के खैरा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। कपुरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित इस चौपाल में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। चौपाल में घुनिया पत्नी खटकधारी ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत की। सुरसति और संतरा ने आवास योजना का लाभ न मिलने की बात कही। राजकुमार पुत्र तिलक ने बताया कि उन्हें पेंशन मिल रही है, जबकि लालता सिंह ने मनरेगा में काम करने और मजदूरी खाते में मिलने की जानकारी दी। दशमी ने बताया कि उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। पूनम पांडेय ने शौचालय और आवास का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जल जीवन मिशन के तहत बताया गया कि गांव में पानी की पाइपलाइन और टोटियों का कार्य पूरा हो गया है, लेकिन पानी अनियमित रूप से आता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नवंबर माह में पुष्टाहार वितरण की जानकारी दी, वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों से अपील भी की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी घोरावल, खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल और बाल विकास परियोजना अधिकारी घोरावल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



