google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के निरीक्षण को पहुंचे सीएमओ

कुलदीप सिंह | लखीमपुर खीरी

जिले में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरई तथा बांकेगंज ब्लॉक स्थित मैलानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अनिल यादव भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मेले में उपलब्ध चिकित्सकीय सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, पंजीकरण व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक पद्धति से भी मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

बताया गया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना है। इन मेलों के माध्यम से बुखार, सर्दी-खांसी, रक्तचाप, मधुमेह, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की जाती है। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंच सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)