जिला पदाधिकारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टीम ने किया था स्थलीय निरीक्षण, जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का इंतजार
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ (किशनगंज)। टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत में मनरेगा योजना के तहत संचालित विकास कार्यों में कथित अनियमितता का मामला जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से चर्चा में है। इस मामले को लेकर पंचायत के सरपंच कैलाश बोसाक ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच कैलाश बोसाक ने पंचायत में मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित गड़बड़ी को लेकर जिला पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया था। उन्होंने योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला स्तरीय जांच टीम का गठन किया गया था।
गठित टीम ने चिल्हनियां पंचायत पहुंचकर विभिन्न मनरेगा योजनाओं एवं संबंधित कार्यस्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन और कार्यों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच-पड़ताल भी की गई थी। इसके बावजूद अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आने से शिकायतकर्ता सरपंच ने नाराजगी जताई है।
सरपंच का कहना है कि जब जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला स्तरीय टीम ने जांच की है, तो जांच के निष्कर्षों को सार्वजनिक करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जानी चाहिए। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में उचित कदम उठाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जांच के बाद प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की गई और यदि अनियमितता पाई गई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? ग्रामीणों ने मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन से शीघ्र पहल करने की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.